इथीरियम टोकन स्टैन्डर्ड



ब्लॉकचेन की तकनीक जहाँ पहले सिर्फ रिकार्ड को रखने का माध्यम मानी जाती थी वहीं बिटकॉइन ने आकर इसके उपयोग लोगों को दिखाए। तब से लोग बिटकॉइन को ब्लॉकचेन पर लेन - देन का जरिया मानने लगे। इस तकनीक में चार चाँद लगाए इथीरियम ने। जिसने लेन-देन के साथ -साथ ब्लॉकचेन पर ऋण, ब्याज, बीमा और कई अन्य महत्वपूर्ण चुनौतियों को स्मार्ट कान्ट्रैक्ट की मदद से सुलझाया। 


आज इथीरियम की ब्लॉकचेन पर हजारों प्रोजेक्ट अपना काम कर रहें हैं । कहीं इस पर स्मार्ट कान्ट्रैक्ट ( SMART CONTRACT) के जरिए स्टेबल कॉइन बनाए जा रहें हैं तो कहीं पर ऋण - कर्ज़ लेने और देने का सॉफ्टवेयर। NFT भी इसी इथीरियम के ब्लॉकचेन पर बनाई जा रही है। टोकन बनाना तो इस ब्लॉकचेन पर आम बात हो चली है आए दिन कोई न कोई टोकन मार्केट में आता ही रहता है। ग्लोबल डाटा की माने तो आज इथीरियम कैपिटल के हिसाब से 19% मार्केट पर अपना कब्जा बनाए हुए है। 


इथीरियम की ब्लॉकचेन पर कॉइन, टोकन और NFT बनाने के कुछ नियम और कायदे निर्धारित किए गए है। ये नियम और कायदे किसी भी कॉइन, टोकन या NFT के काम करने के तरीके को निर्धारित करते है। इनको आपने कभी न कभी जरूर सुन होगा जैसे ERC-20 टोकन,  ERC-721 टोकन और  ERC-1155 टोकन। 


तो आइये आज जान लेते है इन टोकन के मानकों (TOKEN STANDARDS) के बारे में कि आखिरकार ये हमें क्या बताते है:



ERC-20 टोकन मानक


इथीरियम ERC-20 टोकन


ERC-20 स्टेंडर्ड है किसी भी फन्जिबल टोकन (FUNGIBLE TOKEN) को बनाने का। इस स्टेंडर्ड का उपयोग करके MAKER, AAVE, UNISWAP जैसे कई टोकन बनाए गए है जिन्हे लेन -देन और वोटिंग के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

फन्जिबल टोकन वह टोकन होते है जिनको उन्ही की तरह के टोकन के साथ बदला जा सकता है। आम भाषा में कहें तो जिनका छुट्टा या फुटकर हो सकता है। जैसे कि अगर किसी सामान का दाम 70 रुपये है तो आप 70 रुपये का नोट कहां से लाएंगे? आप 100 का नोट देंगे और उसका फुटकर करवा लेंगे या आप उसे फुटकर में भुगतान करेंगे। यानि रुपया एक फन्जिबल टोकन (FUNGIBLE TOKEN) है। आप 100 रुपये को अन्य रुपये के साथ फुटकर करवा सकते है।

तो इथीरियम का ERC-20 का  मानक फन्जिबल टोकन को बनाने का तरीका निर्धारित करता है।


ERC-721 टोकन मानक


इथीरियम ERC-721 मानक


ERC-721 का मानक इथीरियम में NFT यानि नॉन-फन्जिबल टोकन (NON-FUNGIBLE TOKEN) बनाने के काम आता है। NFT का नाम आजकल आप काफी ज्यादा सुन रहे होंगे। यह NFT ज्यादातर इथीरियम के ब्लॉकचेन पर ही बनाई जा रहीं हैं। NFT में कोई भी डिजिटल कलाकृति, गाना, आवाज़ या विडिओ या विडिओ गेम हो सकती है। आप इन सबका NFT बना सकते है और उस चीज़ पर अपना स्वामित्व स्थापित कर सकते है। उसे बेच कर या किराये पर दे कर भी आप पूंजी कमा सकते है।


ERC-721 का टोकन वस्तुओं को दर्शाता है। जहाँ ERC-20 वस्तुओं के पेमेंट के टोकन को दर्शाता है वहीं ERC-721 वस्तु को दर्शाता है। जैसे कि कोई गाना या कोई विडिओ, डिजिटल पेंटिंग आदि । अब मान लीजिए कि इंटरनेट पर कोई पेंटिंग ही आपको पसंद आ  गई और वह 1000 रुपये की है और आपके पास केवल 500 रुपये ही देने के लिए हैं। ऐसी स्थिति में आप यह नहीं कह सकते कि मेरे पास 500 रुपये हैं आप मुझे आधी पेंटिंग दे दीजिए। क्योंकि पेंटिंग को आधा नहीं किया जा सकता है। इसी तरह अगर कोई गाना या विडिओ है तो उसे भी हमें पूरा ही खरीदना पड़ेगा। उसके टुकड़े करके हम नहीं खरीद सकते। इन्हें ही नॉन-फन्जिबल टोकन कहा जाता है और इन्हें इथीरियम पर ERC-721 के मानक के आधार पर बनाया जाता है। 




ERC-1155 टोकन मानक


इथीरियम ERC-1155 टोकन मानक



अगर आप ERC-20 और ERC-721 को अच्छे से समझ गए है तो ERC-1155 के मानक को समझने में आपको ज्यादा परेशानी नहीं होगी बस आपको अपनी बुद्धि पर थोड़ा सा जोर डालना पड़ सकता है। ERC-1155 के मानक में फन्जिबल और नॉन-फन्जिबल टोकन और अर्ध या सेमी-फन्जिबल टोकन बनाने का तरीका निर्धारित किया गया है। 

 

इसके लिए अगर आपको विडिओ गेम का उदाहरण दिया जाए तो पर्याप्त होगा। अगर आप विडिओ गेम खेलते है तो आपको जरूर ही विडिओ गेम मे लेवल को पूरा करने के लिए पॉइंट्स या रिवार्ड मिलते होंगे जिक उपयोग करके आप उस गेम में कोई बंदूक या कोई भी विशेष पात्र को खोलते या अनलॉक करते हैं। जिससे आपको कुछ बेहतर करने को मिलता है। इन्ही पॉइंट या रिवार्ड का इस्तेमाल कभी कभार आप दूसरे खिलाड़ियों से कुछ विशेष पात्र लेने व देने में भी करते हैं। 

देखा जाए तो इस गेम में हम फन्जिबल टोकन यानि पॉइंट्स और रिवार्ड का उपयोग भी कर रहे है और नॉन-फन्जिबल टोकन यानि विशेष पात्र को भी लेने के लिए कर रहें है। तो पॉइंट्स जो की फुटकर हो सकते हैं और विशेष पात्र यानि बंदूक या सैनिक या कोई भी प्लेयर जिसका फुटकर नहीं हो सकता है वह भी इसमें है। इसीलिए विडिओ गेम या ऑनलाइन गेम को ब्लॉकचेन पर ERC-20 या ERC-721 में ना बना कर इसे ERC-1155 टोकन के मानक पर बनाया जाता है ताकि दोनों तरह के लेन-देन को एक ही जगह पर किया जा सके। 




इथीरियम का टोकन मानक



इस लेख में हमनें मुद्रा, पेंटिंग और विडिओ गेम के उदाहरण से इथीरियम के ERC-20, ERC-721 और ERC-1155 के मानकों के बारे में जाना। इथीरियम के ब्लॉकचेन पर कोई भी सॉफ्टवेयर, प्रोजेक्ट या टोकन बनाते हुए यह मानक बहुत ही ध्यान से निर्धारित करने पड़ते हैं। इन्ही मानकों के आधार पर बनाए गए टोकन काम करते है। आप भी अगर कोई टोकन खरीदे हुए हैं तो एक बार इंटरनेट पर जा कर जरूर देखिए कि वह इथीरियम की ब्लॉकचेन पर तो नहीं बना हुआ है, अगर बना हुआ है तो उस टोकन के मानक के बारे में जरूर पता लगाइए। इससे आपको जरूर उस प्रोजेक्ट के टोकन के बारे में जानकारी मिलेगी और आप उस प्रोजेक्ट के भविष्य में वृद्धि की संभावनाओ का आँकलन कर सकते हैं।